नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) संचालन परिषद ने मंगलवार को ब्रिटिश ब्रॉडकास्ट इंजीनियर जान विलियम लैंगफोर्ड के असमय निधन पर गहरा शोक जताया जो बीसीसीआई के साथ लीग के 2026 सत्र के लिए काम कर रहे थे।
संचालन परिषद ने शोकाकुल परिवार को हर संभव मदद का भरोसा भी दिया।
लैंगफोर्ड 76 साल के थे। वह सोमवार सुबह दक्षिण मुंबई के एक होटल में अपने कमरे में बेहोश पाए गए थे। इसके बाद होटल मैनेजमेंट उन्हें तुरंत अस्पताल ले गया। एक अधिकारी ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आईपीएल ने एक बयान में कहा, ‘‘आईपीएल संचालन परिषद और इससे जुड़े सभी हितधारक इयान विलियम्स लैंगफोर्ड के असमय निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं। वह हमारे प्रसारण परिचालन का एक अहम हिस्सा थे। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं। ’’
इसमें कहा गया, ‘‘आईपीएल इस बेहद मुश्किल समय में लैंगफोर्ड के परिवार को हर जरूरी मदद और सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। ’’
लैंगफोर्ड आईपीएल मैचों के लिए ब्रॉडकास्ट इंजीनियर के तौर पर काम के सिलसिले में यहां आए हुए थे।
मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि उनके पोस्टमॉर्टम में कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया और अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
भाषा नमिता मोना
मोना