नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) भारतीय अंडर-20 महिला टीम के मुख्य कोच जोआकिम एलेक्जेंडरसन ने सोमवार को एएफसी अंडर-20 एशियाई कप थाईलैंड 2026 के लिए 23 सदस्यीय टीम की घोषणा की।
भारत ने 20 साल बाद इस टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया है। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत दो अप्रैल को थम्मासैट स्टेडियम में जापान के खिलाफ मैच से करेगी। इसके बाद पांच अप्रैल को ऑस्ट्रेलिया और आठ अप्रैल को चीनी ताइपे के खिलाफ मैच होंगे।
ग्रुप की शीर्ष दो टीमें और तीनों ग्रुप में से तीसरे स्थान पर रहने वाली दो सर्वश्रेष्ठ टीमें क्वार्टर फाइनल में जगह बनाएंगी।
इसके अलावा, क्वार्टर फाइनल जीतने वाली चार टीमें फीफा अंडर-20 महिला विश्व कप पोलैंड 2026 के लिए क्वालीफाई करेंगी।
भारतीय टीम 20 मार्च को बैंकॉक पहुंची और उन्हें स्थानीय माहौल में ढलने के लिए 13 दिन मिले। यात्रा करने वाले दल में 24 खिलाड़ी शामिल थीं, लेकिन अब डिफेंडर अल्का इंदवार को रिलीज कर दिया गया है, क्योंकि एलेक्जेंडरसन ने मुख्य टूर्नामेंट के लिए 23 खिलाड़ियों की अंतिम टीम तय कर ली है।
भारत ने इंडियन वुमैन्स लीग के पहले चरण के समापन के बाद जनवरी में बेंगलुरु में अपना मौजूदा ट्रेनिंग शिविर शुरू किया था। बाद में उन्होंने स्वीडन में एक महीने का शिविर किया, जहां उन्होंने स्वीडिश क्लब टीमों की सीनियर टीमों के खिलाफ पांच दोस्ताना मैच खेले।
एएफसी अंडर-20 महिला एशियाई कप थाईलैंड 2026 के लिए भारत की 23 सदस्यीय टीम इस प्रकार है:
गोलकीपर: मोनालीशा देवी मोइरंगथेम, नंदिनी, रिबांसी जमु।
डिफेंडर: सिंडी रेमरुआतपुई कोल्नी, निशिमा कुमारी, रेमी थोकचोम, रुचि यादव, सहेना टीएच, शुभांगी सिंह, थोइबिसाना चानू तोइजम।
मिडफील्डर: अंजू चानू कायेनपाइबम, अरिना देवी नामेइरकपम, भूमिका देवी खुमुकचम, मनीषा सिंघा, नेहा, पूजा, श्रुति कुमारी।
फॉरवर्ड: बबीता कुमारी, दीपिका पाल, लिंगदेइकिम, शिलजी शाजी, सिबानी देवी नोंगमेइकापम, सुलंजना रॉल।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द