गांधीनगर, 11 मई (भाषा) कोमल कोहर ने सोमवार को यहां एशियाई भारोत्तोलन चैंपियनशिप में महिलाओं के 48 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीतकर मेजबान भारत के पदकों का खाता खोला।
तोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता मीराबाई चानू की जगह खेलते हुए 23 वर्षीय कोमल ने धैर्यपूर्ण और संयमित प्रदर्शन करते हुए शानदार खेल दिखाया। उन्होंने कुल 177 किग्रा उठाया जिसमें स्नैच में 78 किग्रा और क्लीन एवं जर्क में 99 किग्रा वजन उठाया।
क्लीन एवं जर्क में उनके इस प्रयास ने उन्हें एक अन्य कांस्य पदक दिलाया।
इस प्रतियोगिता में एशियाई भारोत्तोलक के कई पारंपरिक दिग्गज खिलाड़ी शामिल नहीं थे जिसका फायदा उठाते हुए चीनी ताइपे ने पहले और दूसरे स्थान पर कब्जा जमाकर अपना दबदबा बनाया।
हुआंग यी चेन ने 193 किग्रा (81 किग्रा और 112 किग्रा) के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि उनकी हमवतन फैंग वान लिंग ने 192 किग्रा (84 किग्रा और 108 किग्रा) के साथ दूसरा स्थान हासिल करते हुए रजत पदक जीता।
महिलाओं का 48 किग्रा एक गैर ओलंपिक श्रेणी है। इस स्पर्धा में चीन, उत्तर कोरिया और थाईलैंड जैसे पारंपरिक दिग्गज देश शामिल नहीं थे।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द