लाहौर, 30 मार्च (भाषा) पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने सोमवार को तेज गेंदबाज नसीम शाह पर व्यंग्य भरे ट्वीट पोस्ट करने के लिए दो करोड़ रुपये का भारी जुर्माना लगाया और इस ट्वीट को उनके केंद्रीय अनुबंध के अनुच्छेद का उल्लंघन माना।
पीसीबी ने घोषणा की कि बोर्ड की अनुशासन समिति ने नसीम को अपने अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करने और अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ट्वीट पोस्ट करते समय गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार करने का दोषी पाया है।
नसीम तब मुश्किल में पड़ गए और उन्हें 27 मार्च को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
यह घटना पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज के गद्दाफी स्टेडियम में पाकिस्तान सुपर लीग के उद्घाटन मैच में मुख्य अतिथि के तौर पर आने के तुरंत बाद हुई।
कुछ ही मिनटों बाद नसीम ने एक ट्वीट किया जिसमें उन्होंने पंजाब की मुख्यमंत्री के बारे में व्यंग्य भरी टिप्पणियां कीं।
बोर्ड ने कहा कि नसीम ने कारण बताओ नोटिस का जवाब दिया था और अपने व्यवहार के लिए बिना शर्त माफी भी मांगी थी, लेकिन अनुशासन समिति ने उन्हें अनुशासनहीनता का दोषी पाया।
बोर्ड ने कहा, ‘‘नसीम के जवाब की समिति ने समीक्षा की और हर चीज का मूल्यांकन करने के बाद यह तय किया गया है कि नसीम ने अपने केंद्रीय अनुबंध की कई शर्तों का उल्लंघन किया है और उन पर दो करोड़ पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगाया गया है। ’’
यह भी बताया गया कि नसीम शाह ने अपने सोशल मीडिया सलाहकार को पहले ही हटा दिया है और पीसीबी उन्हें ‘ब्लैकलिस्ट’ कर देगा ताकि वे पीसीबी के अधिकार क्षेत्र में आने वाले किसी भी खिलाड़ी के साथ काम नहीं कर सकें।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द