मुंबई, 25 जून (भाषा) मुंबई बंदरगाह प्राधिकरण ने बृहस्पतिवार को अपने 154वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर 5,028.17 करोड़ रुपये की लागत वाली 63 परियोजनाओं की घोषणा की।
सार्वजनिक क्षेत्र के बंदरगाह संचालक मुंबई बंदरगाह प्राधिकरण ने बताया कि इन परियोजनाओं में 3,541.29 करोड़ रुपये की कुल लागत वाली 22 ऐसी परियोजनाएं शामिल हैं जिनकी घोषणा अभी की जानी है, जबकि 1,354.59 करोड़ रुपये की 34 परियोजनाओं का शिलान्यास और 132.29 करोड़ रुपये की शेष सात परियोजनाओं का उद्घाटन शामिल है।
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में आयोजित स्थापना दिवस समारोह में केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ की यात्रा में मुंबई बंदरगाह जैसे संस्थानों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
बंदरगाह-आधारित विकास के लिए केंद्र सरकार के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की समुद्री यात्रा में मुंबई बंदरगाह का एक विशेष स्थान है और यह निवेश, पर्यटन, लॉजिस्टिक तथा ऊर्जा सुरक्षा के लिए नए अवसर पैदा कर रहा है।
भाषा योगेश अजय
अजय