नई दिल्ली। आमतौर पर टी20 क्रिकेट अपने चरम रोमांच के लिए जाना जाता है, जहां बल्लेबाज रनों का अंबार लगाने की पूरी कोशिश करते हैं और गेंदबाजों की खूब धुनाई होती है। लेकिन आईसीसी वर्ल्ड टी20 एशिया रीजन क्वालीफायर के मुकाबले में कुछ उलट ही देखने को मिला।
आईसीसी वर्ल्ड टी-20 एशिया रीजन क्वालीफायर में चीन और नेपाल के बीच एक लो स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिला, जिसे नेपाल की टीम ने महज 11 गेंदो में 109 गेंद शेष रहते हुए 10 विकेट से जीत लिया। इस मुकाबले से पहले मलेशिया और म्यांमार के बीच लो स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिला था, मलेशिया और म्यांमार के बीच खेले गए मैच में मलेशिया को महज 6 रनों का लक्ष्य मिला था।
यह भी पढ़ें : अगले 48 घंटों के दौरान दुनियाभर में बंद हो सकता है इंटरनेट, जानिए वजह
आईसीसी वर्ल्ड टी-20 एशिया रीजन क्वालीफायर के इस मुकाबले में नेपाल की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, चीन की टीम महज 26 रन बनाकर 13 ओवरों में ऑलआउट हो गई। चीन के बल्लेबाजों की हालत इतनी खस्ता रही कि उनके आठ बल्लेबाज बिना कोई खाता खोले आउट हो गए। चीन की ओर से हांग जियान यांग 11 रन का सर्वाधिक स्कोर बना सके। इनके अलावा चेन जिनफेंग ने एक रन बनाए जबकि डेंग्जी मा ने पांच रनों का योगदान दिया। चीन के बल्लेबोजों ने मात्र 17 रनों का ही स्कोर किया जबकि चीन के 26 रन के स्कोर में 9 रन नेपाल के गेंदबाजों ने अतिरिक्त के तौर पर दिए थे।
26 रनों के आसान से लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की टीम ने महज 1.5 ओवर में कोई विकेट खोए बिना ही इसे पूरा कर लिया। नेपाल की ओर प्रदीप ने तीन गेंद में चार बनाए जबकि बिनोद भंडारी ने 8 गेंदों में 24 रन बनाकर टीम को जीत दिला दी। गेंदबाजी में ललित राजवंशी, संदीप लैमिचाने और बसंत रेगमी ने तीन-तीन विकेट लिए।
वेब डेस्क, IBC24