शीर्ष भारतीय निशानेबाज चयन ट्रायल में हिस्सा लेंगे

Ads

शीर्ष भारतीय निशानेबाज चयन ट्रायल में हिस्सा लेंगे

  •  
  • Publish Date - March 5, 2026 / 03:31 PM IST,
    Updated On - March 5, 2026 / 03:31 PM IST

नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) देश के शीर्ष निशानेबाज इस साल की दूसरी छमाही में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने के लिए राष्ट्रीय चयन ट्रायल तीन (ग्रुप ए) में हिस्सा लेंगे जिसका आयोजन शुक्रवार से यहां डॉ. कर्णी सिंह निशानेबाजी रेंज में होगा।

भारत के लगभग सभी शीर्ष निशानेबाज मंगलवार तक चलने वाले इन ट्रायल्स की 10 स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे जिसमें पुरुषों और महिलाओं के लिए राइफल प्रोन स्पर्धा के साथ-साथ आठ ओलंपिक स्पर्धाएं भी शामिल हैं।

ग्रुप बी के निशानेबाजों के लिए राइफल और पिस्टल चयन ट्रायल तीन और चार भी शुक्रवार से भोपाल में मप्र राज्य निशानेबाजी अकादमी में शुरू होंगे और 22 मार्च तक चलेंगे।

भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ ने बताया कि ट्रायल के बाद चुने गए राष्ट्रीय टीम के निशानेबाज 10-21 मार्च तक नयी दिल्ली में कोचिंग शिविर में हिस्सा लेंगे।

शॉटगन निशानेबाजों के लिए राष्ट्रीय शिविर भी बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में शुरू हुआ जिसमें स्कीट निशानेबाज सबसे पहले पहुंचे। ट्रैप निशानेबाज आठ मार्च को राष्ट्रीय शिविर के लिए पहुंचेंगे।

राष्ट्रीय शिविर के बाद 21 मार्च से तीन अप्रैल तक मोरक्को के टैंजियर में होने वाले साल के पहले आईएसएसएफ विश्व कप शॉटगन से पहले प्रतियोगिता पूर्व शिविर का आयोजन होगा।

साल के पहले दो राइफल/पिस्टल (ग्रेनाडा और म्यूनिख) और शॉटगन (टैंजियर और अल्माटी) आईएसएसएफ विश्व कप चरण के लिए भारतीय टीमों की घोषणा पहले ही कर दी गई है।

लॉस एंजिलिस खेल 2028 तक का नया ओलंपिक चक्र इस साल शुरू हो रहा है जिसमें शुरुआती कोटा स्थान अक्टूबर-नवंबर में दोहा में आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में तय किए जाएंगे।

इस सत्र में एशियाई खेल आइची-नागोया 2026 भी होंगे।

भाषा सुधीर पंत

पंत