महंगाई को लेकर अखिलेश का तंज : जो 70 साल में नहीं हुआ वह भाजपा ने एक साल में कर डाला

Ads

महंगाई को लेकर अखिलेश का तंज : जो 70 साल में नहीं हुआ वह भाजपा ने एक साल में कर डाला

  •  
  • Publish Date - February 21, 2021 / 02:57 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:32 PM IST

लखनऊ, 21 फरवरी (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने देश में महंगाई को लेकर भाजपा पर तंज कसते हुए रविवार को कहा कि जो 70 साल में नहीं हुआ, वह भाजपा ने एक साल में कर दिखाया।

अखिलेश ने यहां बयान जारी कर कहा, ”भाजपा सरकार में पेट्रोल-डीजल के दाम इतने बढ़ गए हैं कि मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर के निकट सीमावर्ती इलाकों के लोग नेपाल जाकर तेल भरवाने को मजबूर हैं। मंहगाई कम करने के नाम पर वोट लेने के बाद क्यों मंहगाई की आग में जला रही हे भाजपा? जो महंगाई 70 सालों में भी नहीं आई, उसे भाजपा सरकार ने साल भर में कर डाला।”

उन्होंने कहा ”विकास के नाम पर विनाश का तांडव मचाने वालों ने जनता को मंहगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार की आग में झोंक दिया है। अब जनता भाजपा को हमेशा के लिए छुट्टी देने के लिए तैयार बैठी है।”

अखिलेश ने इल्जाम लगाया कि कानपुर में शौचालय निर्माण के लिए अपनी बुजुर्ग मां को गोद में लिए सरकारी महकमों के चक्कर लगा रहा बेटा ‘स्वच्छ भारत’ के नाम पर भाजपा सरकार में चल रहे महाभ्रष्टाचार का जीता—जागता सबूत है।

भाषा सलीम

रंजन

रंजन