शीत लहर और गलन से लोग बेहाल

Ads

शीत लहर और गलन से लोग बेहाल

  •  
  • Publish Date - December 31, 2020 / 04:08 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:41 PM IST

लखनऊ, 31 दिसंबर (भाषा) पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों में गलन भरी ठंड पड़ रही है। उत्तर प्रदेश के अनेक इलाके पिछले 24 घंटे के दौरान जबर्दस्त शीतलहर की चपेट में रहे।

आंचलिक मौसम केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अनेक इलाकों में जबर्दस्त शीतलहर चली और कई क्षेत्र घने कोहरे की आगोश में रहे।

रिपोर्ट के अनुसार इस अवधि में मेरठ मंडल में दिन के तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा आगरा, इलाहाबाद, बरेली तथा झांसी मंडलों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा।

रिपोर्ट के अनुसार इसके अलावा कानपुर, लखनऊ तथा बरेली मंडलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया। इसके अनुसार अयोध्या, झांसी तथा मेरठ मंडलों में भी यह सामान्य से कम रहा।

पिछले 24 घंटे के दौरान नजीबाबाद राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण बर्फीली हवा चल रही है इसके कारण फिजा में घुली गलन से ठिठुरन भरी सर्दी का एहसास हो रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान राज्य में मौसम आमतौर पर सूखा रहने का अनुमान है।

प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में कुछ स्थानों पर शीतलहर चल सकती है तथा कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा भी गिर सकता है।

भाषा सलीम अमित

अमित