करंट लगने से दो मजदूरों की मौत

Ads

करंट लगने से दो मजदूरों की मौत

  •  
  • Publish Date - May 10, 2021 / 10:18 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:50 PM IST

बहराइच (उत्तर प्रदेश), 10 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के रामगांव क्षेत्र में सोमवार सुबह मकान की छत डालते समय छत की सरिया गलती से बिजली के तार में छू जाने की घटना में दो मजदूरों की करंट लगने से मृत्यु हो गयी जबकि गम्भीर रूप से झुलसे एक अन्य मजदूर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि रामगांव थाना क्षेत्र के गोड़वा गांव में मिस्त्री और मजदूरों दीपक कुमार नामक व्यक्ति के मकान की छत डाली जा रही थी। इसी दौरान छत पर जाल बांधते समय लोहे की सरिया सीधी करने के दौरान गलती से बिजली के तार में छू गयी।

उन्होंने बताया कि करंट लगने से झुलस कर छत पर काम कर रहे तीन मजदूर घायल हो गये। उन्होंने बताया कि तीनों को इलाज के लिए बहराइच शहर ले जाते समय रास्ते में घायल मजदूर परशुराम (36) व लाडली प्रसाद (35) की मृत्यु हो गयी। तीसरे घायल पांचू खां को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतक परशुराम के भाई की तहरीर पर सूचना दर्ज कर पुलिस ने विधिक कार्यवाही शुरू की है।

भाषा सं सलीम रंजन

रंजन