Diwali Stock Market/Image Source: IBC24
Diwali Stock Market: दिवाली के मौके पर शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई जिससे निवेशकों की झोली भर गई। सोमवार को शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन तेजी देखी गई, जिससे निवेशकों को कुल मिलाकर 10 लाख करोड़ रुपए से अधिक का लाभ हुआ है। बाजार में यह तेजी वैश्विक बाजारों की मजबूती, विदेशी निवेशकों की खरीदारी, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और रुपये में मजबूती जैसे कारणों से आई है।
दिवाली के दिन, यानी सोमवार को बीएसई सेंसेक्स 411.18 अंक या 0.49% की बढ़त के साथ 84,363.37 अंकों पर बंद हुआ। दिन के कारोबार के दौरान यह 704.37 अंकों तक उछलकर 84,656.56 के उच्च स्तर को भी छू गया था। इसी तरह एनएसई निफ्टी में भी 133.30 अंक या 0.52% की मजबूती दर्ज की गई और यह 25,843.15 पर बंद हुआ। दिन के दौरान निफ्टी 200 अंकों की बढ़त के साथ 25,926.20 के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। बीते चार कारोबारी सत्रों में शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है।
Diwali Stock Market: सेंसेक्स 14 अक्टूबर को जहां 82,029.98 पर बंद हुआ था, वह अब बढ़कर 84,363.37 पर पहुंच गया है। यानी 2,333.39 अंकों की बढ़त, जो 2.84% की तेजी को दर्शाता है। इसी तरह, निफ्टी 14 अक्टूबर को 25,145.50 पर था, जो अब 697.65 अंकों की उछाल के साथ 25,843.15 पर बंद हुआ है। यह 2.77% की तेजी है। सोमवार को बाजार की तेजी में सबसे बड़ा योगदान रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक के शेयरों का रहा। दोनों कंपनियों के हाल ही में घोषित मजबूत तिमाही नतीजों के बाद इनके शेयरों में अच्छी खासी खरीदारी देखने को मिली। इसके अलावा बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टाइटन और भारती एयरटेल जैसे दिग्गज शेयरों ने भी तेजी में योगदान दिया।