(Reliance Jio IPO Update/ Image Credit: Meta AI)
नई दिल्ली: Reliance Jio IPO Update News: मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज अपनी टेलीकॉम इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड का आईपीओ लाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी इस महीने के अंत तक ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) बाजार नियामक के पास जमा करने की तैयारी कर चुकी है। इसमें दिसंबर आखिरी तक के वित्तीय आंकड़े शामिल होने की उम्मीद है। यह भारत के इतिहास का सबसे बड़ा IPO होने की संभावना को और मजबूत बनाता है।
जियो के इस बड़े आईपीओ को सफल बनाने के लिए 17 प्रमुख बैंकों को जिम्मेदारी दी गई है। इसमें वैश्विक स्तर पर मॉर्गन स्टेनली, एचएसबीसी, जेपी मॉर्गन, सिटीग्रुप और गोल्डमैन सैक्स जैसे नाम शामिल हैं। वहीं, घरेलू सलाहकारों में कोटक महिंद्रा, एक्सिस कैपिटल, जेएम फाइनेंशियल और एसबीआई कैपिटल शामिल हैं। ये बैंक और सलाहकार इस विशाल इश्यू की तैयारी, निवेशकों तक पहुंच और सभी कानूनी प्रक्रियाओं को संभालेंगे।
इस आईपीओ को आसान बनाने में सरकार की नई मंजूरी भी मददगार साबित हुई है। नए नियम के तहत बड़े जारीकर्ताओं को अपने शेयरों का केवल 2.5% हिस्सा ही डाइल्यूट करने की अनुमति है। इससे रिलायंस जैसी बड़ी कंपनी के लिए IPO लाना सरल हो गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पिछले दो दशकों में रिलायंस द्वारा लाया जाने वाला पहला बड़ा IPO होगा और इसे भारत के इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ कहा जा सकता है।
आईपीओ (Jio IPO) में मुख्य रूप से मौजूदा निवेशकों के सेकेंडरी शेयर सेल के माध्यम से शेयर बेचे जा सकते हैं। यदि तैयारी सही दिशा में आगे बढ़ती है, तो इस साल के अंत तक निवेशकों को इसमें हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा। हालांकि, अभी आईपीओ के आकार, संरचना और बाजार में उतरने का सही समय अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है और इनमें अभी बदलाव की संभावना बनी हुई है। फिलहाल कंपनी और बैंकों की ओर से आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है।
नोट:- शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन होता है। शेयरों, म्यूचुअल फंड्स और अन्य वित्तीय साधनों की कीमतें बाजार की स्थितियों, आर्थिक परिस्थितियों और अन्य कारकों के आधार पर घट-बढ़ सकती हैं। इसमें पूंजी हानि की संभावना भी शामिल है। इस जानकारी का उद्देश्य केवल सामान्य जागरूकता बढ़ाना है और इसे निवेश या वित्तीय सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए।