लखनऊ के जवाहर भवन में लगी आग, दमकल की कई गाड़ियों ने आग पर काबू पाया

Ads

लखनऊ के जवाहर भवन में लगी आग, दमकल की कई गाड़ियों ने आग पर काबू पाया

  •  
  • Publish Date - July 20, 2026 / 01:20 PM IST,
    Updated On - July 20, 2026 / 01:20 PM IST

लखनऊ, 20 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के व्यस्त हजरतगंज क्षेत्र स्थित बहुमंजिला सरकारी इमारत जवाहर भवन में सोमवार सुबह आग लग गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और आग पर काबू पा लिया गया है।

जवाहर भवन में उत्तर प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों के निदेशालय और कार्यालय हैं। आग चौथी मंजिल पर स्थित एक कार्यालय में लगी।

सूत्रों के मुताबिक, सुबह कार्यालय पहुंचे कर्मचारियों ने इमारत से धुआं उठता देखा, जिसके बाद पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई।

अग्निशमन विभाग ने एक बयान जारी कर कहा कि सुबह नौ बजकर 53 मिनट पर जवाहर भवन में आग लगने की सूचना मिली जिसके बाद हजरतगंज अग्निशमन केंद्र और जिले के अन्य सभी अग्निशमन केंद्रों से तत्काल दमकल की गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं।

बयान कहा गया, ‘‘मौके पर पहुंचकर अग्निशमन कर्मियों ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक घंटे के भीतर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग जवाहर भवन के पिछले हिस्से में चौथी मंजिल पर स्थित एक कार्यालय में लगी थी। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। आग बुझाने के अभियान में जिले से कुल 15 दमकल वाहन तैनात किए गए थे।’

अधिकारियों ने बताया कि एहतियात के तौर पर इमारत में मौजूद सभी लोगों को बाहर निकाल दिया गया है। जवाहर भवन में आम लोगों का प्रवेश बिना पास के प्रतिबंधित है। अधिकारियों के अनुसार, घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

लखनऊ के जिलाधिकारी विशाख जी. ने संवाददाताओं को बताया कि जवाहर भवन में काम करने वाले कर्मचारियों ने जानकारी दी कि चौथी मंजिल पर आग लगी है।

उन्‍होंने कहा, ‘‘इस भवन और आस-पास के दूसरे भवनों को पूरी तरह खाली करा लिया गया है। अग्निशमन दल की टीम मौके पर मौजूद है और उन्होंने स्थिति को पूरी तरह काबू में कर लिया है।’’

जिलाधिकारी ने कहा कि जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह का पता चल सकेगा।

भाषा आनन्द खारी

खारी