लखनऊ, सात फरवरी (भाषा) करियर योजना और स्वास्थ्य मार्गदर्शन से लेकर शादी, आर्थिक, राजनीतिक भविष्य और यहां तक कि सपनों और शकुन की व्याख्या तक, लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में ज्योतिष परामर्श केंद्र में जल्द ही ज्योतिष सेवाओं की एक विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध होगी।
विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने शनिवार को कहा कि इस पहल का मकसद ज्योतिषीय सलाह के लिए एक व्यवस्थित और विनियमित मंच प्रदान करना है, जिसमें तय प्रक्रियाएं, निश्चित परामर्श की अवधि और उचित दस्तावेजीकरण होगा – जो शैक्षणिक संस्थानों के बाहर प्रचलित अनौपचारिक तरीकों से अलग होगा।
विश्वविद्यालय की वेबसाइट के अनुसार, लखनऊ विश्वविद्यालय 18 अक्टूबर, 2001 से ज्योतिष विज्ञान में नियमित शैक्षणिक पाठ्यक्रम चला रही है। बीए और एमए कार्यक्रम हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत में संचालित किए जाते हैं। ज्योतिष परामर्श केंद्र ने अगस्त में काम करना शुरू किया था और वर्तमान में केवल विश्वविद्यालय के छात्रों और कर्मचारियों को सेवाएं देता है, अब आम जनता से भी सवाल लेगा।
ज्योतिष विज्ञान विभाग के संयोजक श्यामलेश कुमार तिवारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘दी जाने वाली सेवाओं का ढांचा और उनके शुल्क को विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा मंजूरी दे दी गयी है। जरूरतों के आधार पर, औपचारिक रूप से परामर्श शुरू करने से पहले केंद्र को आवश्यक रूप से उन्नत बनाया जाएगा।’
विश्वविद्यालय से मिली मंजूरी के मुताबिक ज्योतिष परामर्श केंद्र करियर और आय की संभावनाओं, स्वास्थ्य समस्याओं, शिक्षा, विवाह, संतान, आवास, वित्तीय स्थिति, निवेश और संपत्ति से संबंधित मामलों पर परामर्श प्रदान करेगा। भाषा
चंदन जफर रवि कांत