लखनऊ, एक जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) ने बुधवार को अपना सदस्यता अभियान शुरू किया।
इस अभियान के तहत सपा के मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए ऑनलाइन सदस्यता ग्रहण की जा सकेगी।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इसकी औपचारिक घोषणा करते हुए कहा, ‘पीडीए प्रसार समाजवादी पार्टी सदस्यता अभियान’ का शुभारंभ!’
यादव ने पोस्ट में कहा, ‘आज एक जुलाई 2026 से समाजवादी पार्टी के नये सदस्यता अभियान की शुरुआत हो रही है, जिसमें समाजवादी पार्टी के ऐप के माध्यम से ऑनलाइन सदस्यता ग्रहण की जा सकेगी।’
यादव ने कहा कि यह एक अनवरत अभियान है जो हर ’पीड़ित, दुखी, अपमानित’ को समाजवादी मूल्यों से जोड़ेगा और ‘पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग) परिवार’ को सशक्त करेगा।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने पोस्ट में कहा, ‘प्रदेश-देश के सभी जागरूक नागरिकों से हमारा आग्रह है कि इस ऐप के माध्यम से घर-बैठे आप स्वयं तो सदस्य बनें ही। साथ ही और लोगों को भी सदस्य बनने के लिए प्रेरित करें और अन्य लोगों की सदस्य बनने में मदद भी करें।’
उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा, ‘प्रदेश-देश के युवाओं से हमारी विशेष अपील है कि वो अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए सदस्यता ग्रहण करें और अपने परिवार और अन्य परिजनों को भी प्रेरित करें।’
यादव ने कहा कि नए बनने वाले सदस्य ‘संपर्क, संवाद और सहायता’ के माध्यम से समाजवादी पार्टी के सिद्धांतों और संकल्पों का प्रचार-प्रसार करेंगे और हमें ‘प्रेम, दया और अपनापन’ से संपन्न एकता की वो ‘सकारात्मक शक्ति’ भी प्रदान करेंगे जो ‘सामाजिक न्याय का राज’ लाने और देश को ‘बंधुराष्ट्र’ बनाने के हमारे परम लक्ष्य की प्राप्ति को सुनिश्चित करेगी।
इससे पहले, पीडीए’ (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग) को पार्टी से जोड़ने और धन एकत्र करने के लिये बुधवार को ‘पीडीए स्वाभिमान सहयोग अभियान’ शुरू किया गया था।
सपा के सूत्रों ने बताया कि पार्टी ने ‘पीडीए स्वाभिमान सहयोग अभियान’ शुरू किया है, जिसके तहत कोई भी व्यक्ति क्यू.आर. कोड स्कैन करके कम से कम 20 रुपये का योगदान कर सकता है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान का मकसद कार्यकर्ताओं से धन इकट्ठा करना और उन्हें पार्टी के कामकाज में शामिल करना है।
भाषा सलीम अमित
अमित