इजराइल में कार्यरत भदोही के मजदूर सुरक्षित, परिजनों ने सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

Ads

इजराइल में कार्यरत भदोही के मजदूर सुरक्षित, परिजनों ने सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

  •  
  • Publish Date - March 7, 2026 / 09:43 PM IST,
    Updated On - March 7, 2026 / 09:43 PM IST

भदोही, सात मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच इजराइल में काम कर रहे भदोही के मजदूर सुरक्षित बताए जा रहे हैं, हालांकि उनके परिवारों ने उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

सहायक श्रम आयुक्त मनोज शर्मा ने बताया कि जिले के 14 मजदूर, जिनमें ज्यादातर राजमिस्त्री और बढ़ई हैं, अभी दो साल के अनुबंध पर इजराइल में गये हैं। दो साल पहले इस इलाके में मजदूरों की कमी की खबर मिलने के बाद लखनऊ में एक इजराइली फर्म के एक डेमोंस्ट्रेशन के बाद इन मजदूरों को भर्ती किया गया था।

शर्मा ने कहा, ‘मजदूर वीडियो कॉल के जरिए अपने परिवारों के साथ नियमित संपर्क में रहते हैं। उन्होंने बताया है कि सरकारी अलर्ट और सायरन सुनते ही उन्हें तुरंत बंकरों में जाने के निर्देश दिए जाते हैं। हालांकि वे तेज़ धमाके सुनने और मिसाइल की सक्रियता देखने के अनुभव को डरावना और अजीब बताते हैं, लेकिन उन्होंने इस बात की पुष्‍टि की है कि उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ है।’

श्रम विभाग के मुताबिक, छह महीने पहले घर आने पर मजदूरों ने अपने काम के घंटे, वेतन और अपने मालिकों के बर्ताव से खुशी जताई थी। हालांकि, बढ़ते तनाव को देखते हुए, भदोही में रहने वाले परिवारों ने अब श्रम विभाग से संपर्क किया है और सरकार से मजदूरों की सुरक्षित वापसी में मदद करने की अपील की है।

शर्मा ने कहा कि विभाग हालात पर नज़र रखने के लिए परिवारों से लगातार बातचीत कर रहा है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत