सहारनपुर में जली हुई कार के अंदर से शव बरामद

Ads

सहारनपुर में जली हुई कार के अंदर से शव बरामद

  •  
  • Publish Date - February 25, 2026 / 03:08 PM IST,
    Updated On - February 25, 2026 / 03:08 PM IST

सहारनपुर (उप्र), 25 फरवरी (भाषा) सहारनपुर जिले में बुधवार को एक जली हुई कार के अंदर से जला हुआ शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के चौरा खुर्द और अमरपुर गांवों के बीच जंगल वाले इलाके में एक जली हुई कार मिलने की जानकारी मिली थी। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने कार के अंदर से एक बुरी तरह जला हुआ शव बरामद किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह और स्थानीय पुलिस सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे।

सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि कार और उसके चेसिस नंबर के आधार पर गाड़ी के मालिक की पहचान हो गई है, मगर इसकी पुष्टि की कोशिश की जा रही है कि मरने वाला कार का मालिक है या कोई और।

उन्होंने बताया कि मौत की वजह का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

सिंह ने बताया कि पुलिस गाड़ी के आवागमन का पता लगाने के लिए आस-पास के रास्तों से सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची एक फोरेंसिक टीम ने जांच के लिए नमूने इकट्ठा किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य सुबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं सलीम मनीषा

मनीषा