बसपा प्रमुख मायावती ने ‘एआई समिट’ में कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन को निंदनीय करार दिया

Ads

बसपा प्रमुख मायावती ने ‘एआई समिट’ में कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन को निंदनीय करार दिया

  •  
  • Publish Date - February 21, 2026 / 03:12 PM IST,
    Updated On - February 21, 2026 / 03:12 PM IST

लखनऊ, 21 फरवरी (भाषा) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने शनिवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा एक दिन पहले दिल्ली में ‘एआई इंपैक्ट समिट’ के दौरान ‘‘कमीज उतारकर किए गए विरोध-प्रदर्शन’’ को अति-अशोभनीय व निंदनीय करार दिया।

बसपा नेता ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘नयी दिल्ली में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट’, जिसमें देश व विदेश के भी काफी प्रमुख लोग आमंत्रित थे तथा यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में था, इस दौरान जिन भी लोगों ने अर्द्धनग्न होकर अपना रोष प्रकट किया है जिसमें अधिकतर कांग्रेसी युवा बताये जा रहे हैं, वह अति-अशोभनीय व निन्दनीय है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर यह सम्मेलन अंतरराष्ट्रीय स्तर का नहीं होता तो अलग बात थी, किन्तु समिट के दौरान ऐसा आचरण करना यह चिंता की बात है अर्थात अपने देश की गरिमा व छवि को ना बिगाड़ा जाये तो यह उचित होगा।’’

भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के कार्यकर्ताओं के एक समूह ने शुक्रवार को ‘भारत मंडपम’ के एक प्रदर्शनी हॉल में विरोध-प्रदर्शन किया था, जहां ‘एआई इंपैक्ट समिट’ का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें वहां से हटा दिया था।

भाषा जफर नेत्रपाल शफीक

शफीक