लखनऊ, चार मई (भाषा) उत्तर प्रदेश में ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ (ओडीओसी) योजना को मंत्रिमंडल ने सोमवार को अपनी मंजूरी दे दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक में ओडीओसी योजना समेत अन्य कई प्रस्तावों को मंजूरी मिली।
एमएसएमई मंत्री राकेश सचान ने पत्रकारों को बताया कि सरकार ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ की तर्ज पर ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ योजना को मंजूरी दी है। इसके तहत हर जिले के पारंपरिक व्यंजन को चिह्नित कर उसकी ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग को बढ़ावा दिया जाएगा।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि योजना में गुणवत्ता सुधार, निर्यात के अवसर विकसित करने समेत अन्य चीजों पर विशेष फोकस रहेगा।
खाद्य कारोबार से जुड़े कारीगरों और उद्यमियों को 25% तक की सब्सिडी (अधिकतम 20 लाख रुपये) दी जाएगी। इसके लिए 150 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। आगरा का पेठा, मथुरा का पेड़ा व जौनपुर की इमरती जैसे व्यंजनों को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में इसे बड़ा कदम माना जा रहा है।
बयान के अनुसार लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में कार्यों की गुणवत्ता सुधारने और अस्वस्थ प्रतिस्पर्धा पर रोक लगाने के लिए कैबिनेट ने निविदा निस्तारण की नई प्रक्रिया को मंजूरी दे दी है।
भाषा आनन्द संतोष
संतोष