आप सांसद संजय सिंह के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन मामले में अंतिम गवाह से जिरह पूरी

Ads

आप सांसद संजय सिंह के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन मामले में अंतिम गवाह से जिरह पूरी

  •  
  • Publish Date - August 14, 2026 / 10:26 PM IST,
    Updated On - August 14, 2026 / 10:26 PM IST

सुल्तानपुर (उप्र), 14 अगस्त (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन मामले में सांसद-विधायक अदालत में अंतिम गवाह से जिरह पूरी होने के साथ ही शुक्रवार को सुनवाई पूरी हो गई। सिंह के वकील ने यह जानकारी दी।

न्यायाधीश शुभम वर्मा की अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 28 अगस्त की तारीख तय की है। वरिष्ठ अधिवक्ता रुद्र प्रताप उर्फ मदन सिंह ने कहा कि अब मामला सुनवाई के अंतिम चरण में है।

वकील ने बताया कि अंतिम गवाह जांच अधिकारी प्रवीण यादव से शुक्रवार को जिरह की गई।

सिंह ने बताया कि यादव के पिछले बयान में कुछ असमानताएं सामने आने के बाद उन्हें दोबारा गवाही के लिए बुलाया गया था।

मामला बंधुआ कला थाने में 2021 के पंचायत चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के कथित उल्लंघन को लेकर दर्ज किया गया था।

अभियोजन के अनुसार, 13 अप्रैल 2021 को बंधुआ कला थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव में जिला पंचायत सदस्य पद की उम्मीदवार सलमा बेगम के समर्थन में बिना अनुमति के एक सभा आयोजित की गई थी।

पुलिस ने सिंह, 12 नामजद लोगों और 45 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जांच के बाद 11 लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया गया, जिनमें मकसूद अंसारी, सलीम अंसारी और जगदीश यादव शामिल हैं।

अन्य आरोपियों को पहले ही जमानत मिल चुकी थी। सुनवाई के दौरान बार-बार गैरहाजिर रहने वाले सिंह के खिलाफ अदालत ने जमानती वारंट जारी किया था।

उन्होंने जुलाई 2024 में अदालत में आत्मसमर्पण किया था और बाद में 20-20 हजार रुपये के दो जमानती मुचलके तथा निजी मुचलका दाखिल करने के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।

अंतिम गवाह के तौर पर पेश होने वाले जांच अधिकारी के बृहस्पतिवार को अदालत में नहीं आने के कारण सुनवाई टाल दी गई थी।

भाषा सं आनन्द जोहेब

जोहेब