सुलतानपुर (उप्र), 13 अगस्त (भाषा) आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह के खिलाफ आदर्श आचार संहिता उल्लंघन मामले में बृहस्पतिवार को जांच अधिकारी के एमपी/एमएलए अदालत में नहीं आने से सुनवाई टल गई।
सांसद संजय सिंह के अधिवक्ता रूद्र प्रताप उर्फ मदन सिंह ने बताया कि यह मामला सुलतानपुर जिले के बंधुआ कला थाने में सिंह के खिलाफ चुनाव आचार संहिता उल्लंघन के मामले में दर्ज है। विवेचना के बाद न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया गया था। यह प्रकरण सुनवाई के अंतिम चरण में है।
उन्होंने बताया कि मामला बंधुआ कला क्षेत्र में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़ा है। घटना 13 अप्रैल, 2021 की है। आरोप है कि पंचायत चुनाव के समय बंधुआ कला थानाक्षेत्र के हसनपुर गांव में जिला पंचायत सदस्य सलमा बेगम के समर्थन में बिना अनुमति के एक सभा आयोजित की गई थी।
पुलिस ने इस संबंध में संजय सिंह सहित 12 नामजद और 45 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। जांच पूरी होने के बाद मकसूद अंसारी, सलीम अंसारी और जगदीश यादव समेत कुल 11 लोगों को आरोपी बनाया गया।
भाषा सं राजेंद्र शफीक
शफीक