बिजनौर में महिला चिकित्सक ने भाजपा जिला मंत्री पर लगाया शोषण का आरोप, प्राथमिकी दर्ज

Ads

बिजनौर में महिला चिकित्सक ने भाजपा जिला मंत्री पर लगाया शोषण का आरोप, प्राथमिकी दर्ज

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 03:23 PM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 03:23 PM IST

बिजनौर (उप्र), 27 मई (भाषा) बिजनौर जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र में एक महिला चिकित्सक ने भाजपा के जिला मंत्री प्रभात यादव के खिलाफ शारीरिक व मानसिक शोषण करने और वीडियो बनाकर पैसे मांगने का आरोप लगाया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

चांदपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) देश दीपक सिंह ने बताया कि मंगलवार को महिला चिकित्सक ने थाना चांदपुर में तहरीर दी है।

सिंह ने बताया कि तहरीर में आरोप लगाया गया है कि भाजपा नेता प्रभात यादव ने नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोशी की हालत में पीड़िता के फोटो लिये और वीडियो रिकॉर्ड किये। इसके बाद उनका शारीरिक व मानसिक शोषण किया गया।

महिला चिकित्सक के अनुसार, आरोपी ने उनसे धन की भी मांग की।

सिंह ने कहा कि महिला चिकित्सक ने नर्सिंग होम संचालन के लिए पुलिस से सुरक्षा भी मांगी है।

उन्होंने बताया कि उचित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान ने बताया कि आरोपी जिला मंत्री प्रभात यादव को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।

भाषा सं आनन्द मनीषा शफीक

शफीक