कौशांबी (उप्र), चार मई (भाषा) कौशांबी जिले में सोमवार सुबह मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर एक पूर्व ग्राम प्रधान को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह घटना संदीपन घाट थाना क्षेत्र में उस समय हुई, जब आलम चंद गांव के पूर्व ग्राम प्रधान मनोज कुमार सुबह करीब सात बजे सुबह की सैर के लिए निकले थे।
पुलिस ने बताया कि जैसे ही वह अपने घर से थोड़ी दूर पहुंचे, मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात लोगों ने उन पर गोलियां चला दीं और मौके से भाग गए।
उसने बताया कि हमले में कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटनास्थल पर ‘फील्ड यूनिट’ के साथ पहुंचे पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण प्रजापत ने कहा, ‘‘कुमार 2010 से 2015 तक ग्राम प्रधान रहे थे।’’
पुलिस ने बताया कि मामले को सुलझाने के लिए तीन टीम गठित की गई हैं। पीड़ित के परिवार ने अभी तक औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
भाषा सं जफर वैभव खारी
खारी