कौशांबी में बेटे ने पिता की गोली मारकर हत्या की

Ads

कौशांबी में बेटे ने पिता की गोली मारकर हत्या की

  •  
  • Publish Date - June 16, 2026 / 11:33 AM IST,
    Updated On - June 16, 2026 / 11:33 AM IST

कौशांबी (उप्र), 16 जून (भाषा) कौशांबी जिले में एक युवक ने अपने पिता की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, जिलाधिकारी कार्यालय में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत रामनरेश कोरी (48) सोमवार को अपने बेटे राहुल के साथ मोटरसाइकिल से ड्यूटी पर मंझनपुर जा रहे थे। मोटरसाइकिल नारा गांव निवासी रामनरेश चला रहे थे।

उसने बताया कि मंझनपुर कस्बे में बीपी पब्लिक स्कूल के पास राहुल ने मोटरसाइकिल रुकवाने के बाद कथित तौर पर तमंचे से अपने पिता के सीने में दो गोलियां मार दीं और मौके से फरार हो गया।

गंभीर रूप से घायल रामनरेश को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसी दिन देर शाम उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मंझनपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) शिवांक सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया इस हत्या की वजह पारिवारिक विवाद प्रतीत होता है।

उन्होंने बताया कि रामनरेश और उनके परिवार के बीच पिछले लगभग छह माह से रुपयों को लेकर विवाद था। आरोप है कि वह बच्चों की पढ़ाई और घरेलू खर्च के लिए पर्याप्त आर्थिक सहयोग नहीं कर रहे थे, जिससे परिवार में तनाव था।

सिंह ने बताया कि रामनरेश अपने बड़े भाई राकेश के साथ रहते थे, जबकि उनकी पत्नी सुधा देवी, बेटे राहुल, अरुण और अंकित तथा बेटी बिट्टन देवी गांव स्थित घर में अलग रहते थे।

उन्होंने बताया कि रामनरेश के बड़े भाई राकेश की तहरीर पर राहुल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम का गठित कर विस्तृत जांच की जा रही है।

भाषा सं आनन्द

शोभना खारी

खारी