ममता ने पश्चिम बंगाल में कांग्रेस से गठबंधन किया होता, तो यह दशा नहीं होती: तिवारी

Ads

ममता ने पश्चिम बंगाल में कांग्रेस से गठबंधन किया होता, तो यह दशा नहीं होती: तिवारी

  •  
  • Publish Date - May 11, 2026 / 03:31 PM IST,
    Updated On - May 11, 2026 / 03:31 PM IST

मथुरा (उप्र), 11 मई (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने कहा है कि अगर तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव कांग्रेस के साथ गठबंधन में लड़ा होता, तो उन्हें आज ऐसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता।

तिवारी बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने रविवार को वृंदावन आए थे। उनके साथ उत्तर प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा भी थीं।

कांग्रेस नेता ने असम और पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में लोकतंत्र की हत्या हो रही है और संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘चुनावी प्रक्रियाओं में जिस तरह से केंद्रीय एजेंसियों और केंद्र सरकार द्वारा दखल दिया जा रहा है, यह संविधान के लिए ठीक नहीं है।’’

तिवारी ने कहा, ‘‘हमने केरल में विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की और तमिलनाडु में धर्मनिरपेक्षता की रक्षा करने वाले दल का समर्थन किया।’’

तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के प्रमुख सी जोसेफ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

मिश्रा ने भाजपा पर महिलाओं को धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार महिलाओं को आरक्षण देने का दावा तो करती है लेकिन असम, पश्चिम बंगाल और बिहार में किसी महिला को मुख्यमंत्री नहीं बनाया गया।

उन्होंने कहा कि आज तक किसी महिला को भाजपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं बनाया गया है।

भाषा सं जफर मनीषा देवेंद्र

देवेंद्र