up weather news/ image source: ibc24
UP Weather Update: लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए भीषण आंधी-तूफान, तेज बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचा दी। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पेड़ गिरने, दीवार ढहने, बिजली गिरने और टीन शेड उड़ने जैसी घटनाओं में अब तक 54 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग घायल बताए जा रहे हैं। मौसम विभाग ने हालात को देखते हुए राज्य के 38 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती सिस्टम और दक्षिण राजस्थान से आ रही पूरवा हवाओं के असर से प्रदेश में अचानक मौसम बदला। दोपहर बाद शुरू हुई तेज हवाएं शाम तक तूफान में बदल गईं। कई जगहों पर हवाओं की रफ्तार 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।
सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में भदोही और प्रयागराज मंडल शामिल हैं, जहां 10-10 लोगों की मौत हुई। फतेहपुर में 8, उन्नाव में 7, बदायूं में 6, बरेली में 4, सीतापुर में 2 और रायबरेली में 1 मौत दर्ज की गई है। इसके अलावा हरदोई, झांसी, कानपुर देहात, संभल, प्रतापगढ़ समेत कई अन्य जिलों से भी मौतों की खबरें सामने आई हैं।
उन्नाव जिले में आंधी और बारिश के दौरान दर्दनाक हादसे हुए। दही थाना क्षेत्र में आम का पेड़ गिरने से 70 वर्षीय किसान राम आश्रय की मौत हो गई। वहीं आसीवन थाना क्षेत्र में यूकेलिप्टस का पेड़ गिरने से 9 वर्षीय मासूम अंश की जान चली गई। दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
तेज तूफान के कारण सैकड़ों पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। कई जिलों में बिजली आपूर्ति बाधित रही और सड़क मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ। कुछ जगहों पर मकानों की छतें उड़ गईं, जबकि खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीण इलाकों में हालात ज्यादा खराब बताए जा रहे हैं।
मौसम विभाग ने लखनऊ, उन्नाव, सीतापुर, प्रयागराज, जौनपुर, प्रतापगढ़, बांदा समेत 38 जिलों में अगले कुछ घंटों के लिए भारी बारिश, बिजली गिरने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को घरों में रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी गई है।
लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले एक-दो दिन मौसम बदला रहेगा। इसके बाद 15 मई से प्रदेश में फिर से गर्मी का प्रकोप बढ़ सकता है। तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है और कई जिलों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने सभी प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने, घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता देने के निर्देश जारी किए हैं। फिलहाल प्रदेश में लोग मौसम के अगले रुख पर नजर बनाए हुए हैं।
इन्हे भी पढ़ें:-