मेरठ में पुलिस मुठभेड़ में गोकशी के दो आरोपी घायल; दो गोवंश, हथियार और वाहन बरामद
मेरठ में पुलिस मुठभेड़ में गोकशी के दो आरोपी घायल; दो गोवंश, हथियार और वाहन बरामद
मेरठ, 25 जुलाई (भाषा) मेरठ जिले के सरूरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गोकशी के दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से आरोपी घायल हो गए।
सरधना के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आशुतोष कुमार ने बताया कि शुक्रवार देर रात सरूरपुर थाना प्रभारी गौरव सिंह पुलिस दल के साथ हर्रा-खिवाई मोड़ पर वाहनों की जांच कर रहे थे तभी सूचना मिली कि जसड़-पांचली मार्ग पर खड़ंजे के पास सात-आठ लोग दो गायों को बांधकर उनके वध की तैयारी कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची जहां मौजूद कुछ लोगों ने दो गायों के सींग और पैर रस्सियों से बांधे हुए थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब उन्हें घेरने का प्रयास किया तो दो आरोपियों ने पुलिस दल की तरफ गोली चला दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें हर्रा निवासी अकरम (25) और मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर निवासी शादाब उर्फ दानिश के बाएं पैर में गोली लगी। दोनों को गिरफ्तार कर सरूरपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी के अनुसार, अन्य आरोपी फरार हो गए जिनकी तलाश में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से .315 बोर के दो तमंचे, दो खोखा, दो कारतूस, दो चाकू, रस्सियां, दो जीवित गोवंश, एक कार, दो मोटरसाइकिल आदि सामान बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, अकरम के खिलाफ उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम, आयुध अधिनियम, गैंगस्टर अधिनियम और हत्या के प्रयास सहित विभिन्न मामलों में करीब 20 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, शादाब उर्फ दानिश के खिलाफ गोकशी अधिनियम, आयुध अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और हत्या के प्रयास सहित 12 अधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
भाषा सं जफर सिम्मी खारी
खारी

Facebook


