भदोही में तेज रफ्तार डंपर ने दो लोक नाट्य कलाकारों को कुचला, हुई मौत

भदोही में तेज रफ्तार डंपर ने दो लोक नाट्य कलाकारों को कुचला, हुई मौत

भदोही में तेज रफ्तार डंपर ने दो लोक नाट्य कलाकारों को कुचला, हुई मौत
Modified Date: July 16, 2026 / 09:32 am IST
Published Date: July 16, 2026 9:32 am IST

भदोही (उप्र), 16 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में ईंटों से लदे एक डंपर ने खड़ी मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद दो लोगों को कुचल दिया। इस घटना में दोनों व्यक्तियों की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि हादसा बुधवार रात करीब नौ बजे दुर्गागंज थाना क्षेत्र के श्रीपुर गांव के पास हुआ, जब जौनपुर जिले के जंघई से मध्य प्रदेश की ओर जा रहे डंपर ने पहले एक खड़ी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल वाहन के नीचे फंस गई, जिसके बाद डंपर ने पास में खड़े दो लोगों को कुचल दिया।

अधिकारी ने बताया कि अंधेरे का फायदा उठाकर चालक और खलासी वाहन छोड़कर फरार हो गए।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान बाबू नारायण गौतम (55) और सीता राम उर्फ जुगनू (30) के रूप में हुई है, दोनों दुर्गागंज थाना क्षेत्र के गदौरा बाजार के निवासी थे।

कुमार ने बताया कि दोनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है और बुरी तरह क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल तथा ईंटों से लदे डंपर को जब्त कर लिया है।

अधिकारी के अनुसार, घटना में मारे गए दोनों लोग नाटक मंडली से जुड़े कलाकार थे। सीता राम नर्तक के तौर पर प्रस्तुति देते थे, जबकि बाबू नारायण ढोलक बजाते थे।

पुलिस ने बताया कि दोनों बाजार से सब्जी खरीदने के बाद एक चाय की दुकान पर खड़े थे, तभी यह हादसा हो गया।

कुमार ने बताया कि बाबू नारायण के भतीजे रजित राम की शिकायत के आधार पर दुर्गागंज थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार चालक और खलासी की तलाश के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

भाषा स ज़फ़र सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में