सहारनपुर में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट, दो श्रमिकों की मौत; दो लापता
सहारनपुर में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट, दो श्रमिकों की मौत; दो लापता
सहारनपुर, 24 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के नया गांव में शुक्रवार शाम पटाखा बनाने वाली एक फैक्टरी में हुए जोरदार विस्फोट में दो श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग लापता हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, गंगोह थाना क्षेत्र स्थित राणा फायर वर्क्स फैक्टरी में शाम करीब पांच बजे विस्फोट हुआ। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि विस्फोटक सामग्री के रखरखाव या उसके इस्तेमाल में लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मयंक पाठक ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि उसकी आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। फैक्टरी से उठते काले धुएं के गुबार को देखकर आसपास के गांवों में दहशत फैल गई।
उन्होंने बताया कि विस्फोट की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा अग्निशमन विभाग की टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
पाठक ने बताया कि मृतकों की पहचान मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी दीपक (23) और संदीप (25) के रूप में हुई है। विस्फोट में दोनों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए थे, जिससे उनकी पहचान करने में कठिनाई हुई।
उन्होंने बताया कि फैक्टरी में मौजूद एक ठेकेदार और उसका एक कर्मचारी भी लापता हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विस्फोट से फैक्टरी भवन का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, फैक्टरी मालिक गाजियाबाद का रहने वाला है और घटना की जानकारी मिलने के बाद सहारनपुर के लिए रवाना हो गया। फैक्टरी में काम करने वाले श्रमिकों ने पुलिस को बताया कि वहां दीपावली के लिए पटाखे बनाए जा रहे थे और परिसर में बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखी गई थी।
पुलिस ने बताया कि यह फैक्टरी पिछले पांच वर्षों से इसी स्थान पर संचालित हो रही थी।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत

Facebook


