उप्र : देवरिया में आंबेडकर प्रतिमा हटाने को लेकर दो पक्षों में विवाद
उप्र : देवरिया में आंबेडकर प्रतिमा हटाने को लेकर दो पक्षों में विवाद
देवरिया, 30 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के एक गांव में बृहस्पतिवार को कथित रूप से बिना प्रशासनिक अनुमति के स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच पथराव हो गया। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना गौरीबाजार थाना क्षेत्र के लबकनी गांव में हुई। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने मंगलवार रात एक आंगनवाड़ी केंद्र के पास स्थित ‘नवीन परती’ भूमि पर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी थी।
सूत्रों ने बताया कि बुधवार सुबह प्रशासन को इसकी जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर रुद्रपुर के उप जिलाधिकारी राज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
अधिकारियों के मुताबिक, कई महिलाएं बुधवार देर रात तक घटनास्थल पर मौजूद रहीं। उन्हें आशंका थी कि प्रशासन प्रतिमा हटा सकता है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बृहस्पतिवार को उस समय विवाद बढ़ गया, जब प्रतिमा हटाने की योजना को लेकर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव किया, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
गौरीबाजार के थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।’’
भाषा
सं, सलीम रवि कांत

Facebook


