भदोही, एक मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में कथित यौन शोषण से परेशान एक युवक द्वारा आत्महत्या करने की घटना सामने आई है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार इस सिलसिले में अदालत के आदेश पर आरोपी महिला और उसके पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला द्वारा नाजायज संबंध बनाने और उसके आपत्तिजनक वीडियो के जरिये धमकी देकर लगातार यौन शोषण करने से परेशान युवक ने आत्महत्या कर ली।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक भदोही जिले के सुरयावा थाना इलाके के कड़ोर गांव निवासी खुदकुशी करने वाले युवक की मां ने दीवानी मामलों की न्यायाधीश अनामिका चौहान की अदालत में 20 जनवरी 2026 को एक याचिका दायर की थी।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि याचिका पर सुनवाई के बाद न्यायाधीश अनामिका चौहान ने गोदमा गांव की आरोपी महिला और उसके पति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत शनिवार को मुकदमा दर्ज कर विवेचना रिपोर्ट अदालत में पेश करने का आदेश दिया। इस सम्बन्ध में पत्नी -पति के खिलाफ शनिवार देर शाम मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
एसपी ने कहा कि पीड़ित युवक (20) ने 12 दिसंबर 2025 को घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी और उस वक़्त शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को दे दिया गया था। इस मामले में युवक की मां ने अदालत में याचिका दाखिल की थी।
युवक ने अपनी मां को बताया था कि आरोपी महिला ने उसके साथ नाजायज सम्बन्ध बनाया और चोरी से उसका वीडियो बनाकर लगातार शारीरिक सम्बन्ध बनाने के लिए मजबूर किया और इस बारे में किसी को बताने पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करती है।
उन्होंने कहा कि आरोपी महिला के पति ने शिकायत करने के बाद पीड़ित युवक को ही दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देनी शुरू कर दी थी।
मांगलिक ने बताया कि अदालत के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विवेचना समेत विधिक कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक मनीष द्विवेदी द्वारा की जा रही है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत