सहारनपुर, 25 फरवरी (भाषा) होली से पहले उत्तर प्रदेश के खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को सहारनपुर जिले में एक डेरी पर छापेमारी के दौरान लगभग 2,000 लीटर मिलावटी दूध जब्त किया और नमूने प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजे।
नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह और सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) मनोज कुमार वर्मा के नेतृत्व में एक टीम ने अंबाला रोड पर मिगलानी बिल्डिंग के पास स्थित चोपड़ा डेरी पर छापा मारा।
सहायक आयुक्त वर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि निरीक्षण के दौरान डेरी परिसर में गंभीर रूप से अनियमितताएं पाई गईं।
उन्होंने कहा, ‘लगभग 2,000 लीटर संदिग्ध दूध एक शौचालय के पास रखा हुआ पाया गया।’
नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह ने बताया कि डेरी पर साफ-सफाई का पूरी तरह अभाव था।
उन्होंने कहा, ‘दूध को शौचालय के पास रखा जा रहा था और उसी स्थान पर उसे बर्फ से ठंडा किया जा रहा था। यह खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है।’
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने डेरी से दूध, दही, मावा और क्रीम के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए।
सिंह ने बताया कि होली के त्योहार के मद्देनजर सहारनपुर आयुक्त एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने सहारनपुर में 650 किलोग्राम नकली पनीर जब्त किया था, जिसे बाद में जेसीबी मशीन की मदद से जमीन में गाड़कर नष्ट कर दिया गया।
भाषा
सं, जफर रवि कांत