कौशांबी, नौ मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के पिपरी थाना क्षेत्र में पानी भरने गई एक युवती पैर फिसलने से कुएं में गिर गई और पानी अधिक होने के कारण डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक थाना क्षेत्र के नूरपुर हाजीपुर गांव निवासी रंजना (18) सोमवार को गांव के एक मंदिर में पूजा करने गई थी। पूजा के लिए मंदिर परिसर स्थित कुएं में पानी भरने गई, इसी दौरान उसका पैर फिसला और वह कुएं में गिर गई।
पुलिस ने बताया कि कुएं में पानी अधिक होने के कारण डूबने से उसकी मौत हो गई। रंजना काफी देर तक घर वापस नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। इसी दौरान, मंदिर पहुंचे अन्य ग्रामीणों ने कुएं में शव देख कर उसके परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
घटना की सूचना मिलने पर पिपरी थाना पुलिस अग्निशमन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने रंजना के शव को कुएं से बाहर निकाला।
पिपरी के थाना प्रभारी विकास सिंह ने बताया की शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया यह मामला पैर फिसल कर कुएं में गिरने का प्रतीत हो रहा है।
भाषा
सं, जफर रवि कांत