लखनऊ, नौ मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई प्रमुख नेताओं ने शनिवार को महाराणा प्रताप की जयंती पर उन्हें नमन किया।
योगी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मां भारती के अमर सपूत, स्वाधीनता के कालजयी स्वर, त्याग व बलिदान की उज्ज्वल कीर्ति पताका, ‘हिंदुआ सूर्य’ वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की पावन जयंती पर नमन।”
उन्होंने कहा, “मातृभूमि के गौरव और स्वाभिमान की रक्षा के लिए आपका अदम्य साहस एवं सर्वस्व समर्पण, युगों-युगों तक भारतीय जनमानस को अन्याय के विरुद्ध अडिग रहने और राष्ट्रनिष्ठा की प्रेरणा देता रहेगा।”
अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “महाराणा’ की वही चेतना फिर से अब जगानी है, नई स्वतन्त्रता के लिए, अब नई कसम उठानी है। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी की जयंती की शौर्यपूर्ण अनंत शुभकामनाएं।”
अखिलेश यादव ने पार्टी मुख्यालय पर महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर गोमती रिवर फ्रंट पर चेतक के साथ महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर सोने का भाला लगाया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर कहा, “मां भारती के अमर सपूत, स्वाधीनता के कालजयी स्वर, ‘वीर शिरोमणि’ महाराणा प्रताप जी की जयंती पर उन्हें कोटिशः नमन!”
उन्होंने कहा, “मां भारती के अमर सपूत, स्वाधीनता के कालजयी स्वर, ‘वीर शिरोमणि’ महाराणा प्रताप जी की जयंती पर उन्हें कोटिशः नमन!”
मौर्य ने कहा, “उनका (महाराणा प्रताप का) त्यागमय, पराक्रमी और राष्ट्रनिष्ठ जीवन आज भी प्रत्येक भारतवासी के हृदय में मातृभूमि के प्रति श्रद्धा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का भाव जागृत करता है तथा साहस, शौर्य और आत्मसम्मान के साथ राष्ट्र सेवा के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। देश सदैव उनके अद्वितीय बलिदान और वीरता का ऋणी रहेगा।”
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, “अद्भुत पराक्रम, शौर्य अदम्य साहस के पर्याय,महाराणा कुम्भा एवं महाराणा सांगा के वंशज ‘वीर शिरोमणि’ महाराणा प्रताप जी की जयंती पर उन्हें कोटि कोटि नमन।”
भाषा आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र