बुलंदशहर में शराब पीने के दौरान कहासुनी में युवक की गोली मारकर हत्या

Ads

बुलंदशहर में शराब पीने के दौरान कहासुनी में युवक की गोली मारकर हत्या

  •  
  • Publish Date - June 22, 2026 / 02:13 PM IST,
    Updated On - June 22, 2026 / 02:13 PM IST

बुलंदशहर (उप्र), 22 जून (भाषा) बुलंदशहर जिले के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में रविवार रात शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मृत युवक की पहचान अहान गांव के निवासी मनीष (26) के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अंतरिक्ष जैन ने बताया कि रविवार को सूचना मिली थी कि अहान गांव के निवासी मनीष को गोली लगी है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में मनीष को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

एसपी के मुताबिक, मौके पर जांच और परिजनों से पूछताछ में पता चला कि कुछ युवक शराब पी रहे थे। इसी दौरान मनीष और शिवम नाम के युवक के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर शिवम ने मनीष पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

जैन ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। विधि विज्ञान प्रयोगशाला टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है। आरोपी शिवम फिलहाल फरार है।

भाषा सं आनन्द

मनीषा

मनीषा