माले, 18 मई (एपी) इटली के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि बचावकर्मियों ने मालदीव के एक द्वीप की समुद्री गुफा के भीतर लापता हुए चार इतालवी गोताखोरों के शव बरामद कर लिए हैं। इन गोताखोरों के चार दिन पहले लापता होने की सूचना मिली थी।
स्थानीय सैन्य गोताखोर की मौत के बाद बचाव अभियान अस्थायी रूप से रोक दिया गया था, जिसे सोमवार को फिर शुरू किया गया। यह सैन्य गोताखोर लापता लोगों तक पहुंचने के जोखिमपूर्ण अभियान में शामिल था।
हिंद महासागर में स्थित द्वीपीय देश मालदीव की सरकार ने पुष्टि की कि फिनलैंड के तीन गोताखोर विशेषज्ञों ने मालदीव पुलिस और सेना की मदद से गुफा के सबसे अंदरूनी हिस्से में शवों का पता लगाया।
मालदीव सरकार के प्रवक्ता अहमद शाम ने कहा, “जैसा पहले आशंका जताई गई थी, चारों शव गुफा के भीतर मिले हैं। वे गुफा के तीसरे हिस्से में पाए गए, जो इसका सबसे बड़ा भाग है।”
उन्होंने बताया कि चारों शव एक-दूसरे के काफी करीब मिले।
शाम ने मीडिया को भेजे गए एक ऑडियो संदेश में कहा, “योजना के अनुसार मंगलवार को दो शवों को बाहर निकालने की कोशिश की जाएगी और संभवतः बाकी दो शव अगले दिन निकाले जाएंगे।”
इससे पहले, पांचवें इतालवी नागरिक का शव गुफा के बाहर मिला था।
इटली के विदेश मंत्रालय के अनुसार, ये पांचों लोग बृहस्पतिवार को वावू द्वीप में करीब 50 मीटर गहराई में स्थित गुफा की खोज कर रहे थे। मालदीव में मनोरंजनात्मक गोताखोरी की अधिकतम सीमा 30 मीटर निर्धारित है।
गहरी समुद्री गुफा गोताखोरी के विशेषज्ञ फिनलैंड के तीन गोताखोर रविवार को मालदीव पहुंचे थे।
एपी रवि कांत रवि कांत माधव
माधव