नयी दिल्ली, 18 मई (भाषा) भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सौरभ विजय ने सोमवार को पदभार ग्रहण कर लिया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
महाराष्ट्र कैडर के 1998 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी विजय इससे पहले महाराष्ट्र सरकार के वित्त विभाग में व्यय के प्रधान सचिव के पद पर कार्यरत थे।
बयान के अनुसार, “सौरभ विजय ने सोमवार को यूआईडीएआई के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला। वह 1998 बैच के महाराष्ट्र कैडर के आईएएस अधिकारी हैं।”
विजय इससे पहले केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर भी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदों पर कार्य कर चुके हैं। इनमें नयी दिल्ली स्थित राष्ट्रपति सचिवालय में निदेशक तथा वाशिंगटन डीसी में विश्व बैंक में बांग्लादेश, भूटान, भारत और श्रीलंका के कार्यकारी निदेशक के सलाहकार का पद शामिल है।
उनकी नियुक्ति पूर्व यूआईडीएआई के सीईओ भुवनेश कुमार के पर्यटन विभाग के सचिव पद पर पदोन्नत होने के बाद की गई है।
कुमार के बाद 23 अप्रैल को यूआईडीएआई के उप महानिदेशक विवेक चंद्र वर्मा को सीईओ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था।
भाषा योगेश अजय
अजय