(अदिति खन्ना)
लंदन, 12 अगस्त (भाषा) ब्रिटिश प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम ने भारतीय मूल के एक अग्रणी रणनीतिकार और मीडिया क्षेत्र के कार्यकारी अधिकारी को संरचना और प्रक्रिया के मामले में विशेषज्ञ सलाहकार के पद पर नियुक्त किया है।
बीबीसी के पूर्व रणनीतिकार और संगीतकार गौतम रंगराजन इस सप्ताह ‘10 डाउनिंग स्ट्रीट’ (ब्रिटेन के प्रधानमंत्री का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) में इस नवनिर्मित पद का कार्यभार संभालेंगे। गौतम रंगराजन को संरचना एवं प्रक्रिया विषय पर विशेषज्ञ सलाहकार नियुक्त किया गया है।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी संक्षिप्त घोषणा में कहा गया है, ‘‘गौतम को कॉरपोरेट रणनीति का व्यापक अनुभव है।’’
पिछले महीने लेबर पार्टी के नेता और प्रधानमंत्री का पदभार संभालने वाले बर्नहैम ने चीजों को अलग तरीके से करने का अपना दृष्टिकोण प्रस्तुत किया है। इसकी शुरुआत मैनचेस्टर में स्थित नंबर 10 नॉर्थ के शुभारंभ से हुई है, जो देश के सभी क्षेत्रों में उनके विकेंद्रीकरण के एजेंडे का प्रतीक है।
पदभार संभालने के पहले कुछ हफ्तों में ही उन्होंने अपने पूर्ववर्ती केअर स्टार्मर के समय के कुछ सरकारी विभागों का पुनर्गठन किया, जिसमें व्यापार एवं वाणिज्य विभाग को व्यापक कार्यक्षेत्र प्रदान करते हुए व्यापार, नवाचार, विज्ञान एवं कारोबार विभाग के रूप में नया रूप दिया गया।
बर्नहैम ने कैबिनेट कार्यालय मंत्री लुईस हेग और कैबिनेट सचिव डेम एंटोनिया रोमियो के नेतृत्व में प्रधानमंत्री एवं कैबिनेट कार्यालय (ओपीएमसी) के नये कार्यालय की भी स्थापना की।
भाषा संतोष नरेश
नरेश