बीजिंग, 10 अगस्त (भाषा) बीजिंग में एक छोटे प्रशिक्षण विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद बढ़ी सुरक्षा चिंताओं के मद्देनजर चीन ने देशभर के पर्यटन स्थलों पर निर्धारित ड्रोन शो रद्द कर दिए हैं। इस दुर्घटना के बाद अधिकारियों ने कम ऊंचाई वाले हवाई संचालन पर निगरानी और सुरक्षा जांच कड़ी कर दी है।
हांगकांग स्थित ‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ ने सोमवार को अपनी रिपोर्ट में बताया कि इनर मंगोलिया, गांसू, शानदोंग, गुआंगदोंग और हैनान सहित 11 प्रांतों और क्षेत्रों के पर्यटन स्थलों और कार्यक्रम आयोजकों ने घोषणा की है कि शुक्रवार से निर्धारित ड्रोन प्रदर्शन रद्द कर दिए गए हैं।
यह कदम जून में बीजिंग के व्यावसायिक क्षेत्र में एक छोटे प्रशिक्षण विमान के एक गगनचुंबी इमारत से टकरा जाने के बाद उठाया गया है। इस दुर्घटना में पायलट की मौत हो गई थी और 13 लोग घायल हुए थे।
यह विमान कम ऊंचाई की उड़ानों पर लगे प्रतिबंधों के बावजूद बीजिंग के मुख्य शहरी क्षेत्र में प्रवेश कर गया था, जिससे छोटे विमानों और ड्रोन से उत्पन्न सुरक्षा जोखिमों को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गईं।
दुर्घटना स्थल झोंगनानहाई के भी अपेक्षाकृत निकट था, जो चीन के शीर्ष नेतृत्व का अत्यधिक सुरक्षा वाला सरकारी परिसर है, जिनमें राष्ट्रपति शी चिनफिंग भी शामिल हैं।
हालांकि, इस दुर्घटना की जांच के बारे में अधिकारियों ने अब तक पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
रिपोर्ट के अनुसार, पिछले सप्ताह ऑनलाइन प्रसारित एक आंतरिक दस्तावेज में कहा गया है कि उसे पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के सदर्न थिएटर कमांड से ड्रोन उड़ानें निलंबित करने का आदेश मिला है। इस दस्तावेज को कथित तौर पर एक ड्रोन कंपनी ने जारी किया था।
दस्तावेज के अनुसार, सदर्न थिएटर कमांड के अधिकार क्षेत्र वाले छह प्रांतों में शुक्रवार से सभी ड्रोन उड़ानों पर रोक लगा दी जाएगी। हालांकि यह नहीं बताया गया कि यह प्रतिबंध कब तक जारी रहेगा।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब चीन ‘लो-एल्टीट्यूड इकोनॉमी’ (कम ऊंचाई आधारित अर्थव्यवस्था) को एक उभरते हुए आर्थिक क्षेत्र के रूप में तेजी से बढ़ावा दे रहा है। इस क्षेत्र में जमीन से एक किलोमीटर (3,280 फुट) तक की ऊंचाई पर संचालित होने वाली गतिविधियां, व्यवसाय और सेवाएं शामिल हैं, जिनमें ड्रोन उड़ानें शामिल हैं।
चीन में ड्रोन का व्यापक उपयोग खाद्य सामग्री की डिलीवरी, औद्योगिक निरीक्षण, कीटनाशक छिड़काव, हवाई फोटोग्राफी, लाइट शो, कृषि और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में किया जाता है।
चीन ने हाल के वर्षों में नागरिक ड्रोन संचालन पर प्रतिबंध लगातार कड़े किए हैं। पोस्ट के अनुसार, चीन के 15 से अधिक प्रमुख शहरों ने अपने केंद्रीय क्षेत्रों में नागरिक ड्रोन उड़ानों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है और इनमें से कुछ प्रतिबंध बिना किसी औपचारिक नीति घोषणा के लागू किए गए।
भाषा गोला नरेश
नरेश