(एम. जुल्करनैन)
लाहौर, 11 अप्रैल (भाषा) इस्लामाबाद में अमेरिका के साथ उच्च स्तरीय शांति वार्ता के लिए जा रहे ईरानी प्रतिनिधिमंडल के विमान की सुरक्षा के लिए पाकिस्तान ने असाधारण बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। एक विमानन अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि एक पाकिस्तानी विमानन कंपनी के विमान ने ईरानी विमान के साथ उड़ान भरी, जिसका ‘ट्रांसपोंडर’ बंद रखा गया था।
ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकिर गालिबाफ के नेतृत्व वाला उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल वार्ता में भाग लेने के लिए शनिवार तड़के इस्लामाबाद पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची भी शामिल हैं।
पाकिस्तानी विमानन विभाग के अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल के विमान के उड़ान भरने के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए और उससे निपटने के लिए पाकिस्तान वायुसेना ने असाधारण सुरक्षा उपाय किए।
उन्होंने बताया कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल को लेकर विमान कैस्पियन सागर के तट पर स्थित गोरगान हवाई अड्डे से रवाना हुआ। यह हवाई अड्डा तेहरान से लगभग 400 किलोमीटर दूर है।
उन्होंने कहा, “पाकिस्तानी हवाई यातायात नियंत्रकों को पहले ही सूचित कर दिया गया था कि विमान का ट्रांसपोंडर बंद रहेगा। ट्रांसपोंडर बंद होने पर विमान को वाणिज्यिक उड़ानों की निगरानी के लिए इस्तेमाल होने वाले सेकेंडरी रडार सिस्टम पर नहीं देखा जा सकता। हालांकि, इसे प्राथमिक सैन्य रडार पर ट्रैक किया जा सकता है, लेकिन उसमें बुनियादी पहचान संबंधी जानकारी नहीं होती और विमान केवल एक चलते हुए किसी बिंदु के रूप में दिखाई देता है।”
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप