न्यूयॉर्क, 11 जुलाई (एपी) अफगानिस्तान के पूर्व जनरल और वहां की नेशनल असेंबली के पूर्व सदस्य अब्दुल जाहिर कादिर को मादक पदार्थ तस्करी के आरोपों का सामना करने के लिए शुक्रवार को प्रत्यर्पित कर अमेरिका लाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
संघीय अभियोजकों ने एक बयान में बताया कि 52 वर्षीय कादिर को न्यूयॉर्क के मैनहट्टन स्थित संघीय अदालत में पेश किया गया जहां अदालत ने मुकदमे की सुनवाई पूरी होने तक उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
कादिर को 15 अप्रैल को केन्या की राजधानी नैरोबी में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उन्हें अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया, जहां उन पर हेरोइन और मेथामफेटामाइन की तस्करी की साजिश रचने तथा आग्नेयास्त्रों से जुड़े अपराधों के आरोप लगाए गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, कादिर पहले अफगानिस्तान के सीमा बल में जनरल के पद पर कार्यरत रहे हैं। इसके अलावा वह अफगानिस्तान की संसद के निचले सदन ‘हाउस ऑफ द पीपल’ के प्रथम उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अमेरिका में उनके खिलाफ चल रहे मामले में उनकी ओर से कौन वकील पैरवी कर रहा है। यदि कादिर को दोषी ठहराया जाता है तो उन्हें कम से कम 10 वर्ष की अनिवार्य सजा और अधिकतम आजीवन कारावास हो सकता है।
अमेरिका के अटॉर्नी जे. क्लेटन ने कादिर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मादक पदार्थों और सैन्य श्रेणी के हथियारों की बड़े पैमाने पर तस्करी करने वाला व्यक्ति बताया।
कार्यवाहक अमेरिकी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांश ने एक बयान में कहा कि कादिर ‘‘अफगानिस्तान में खुद को एक नेता के रूप में प्रस्तुत कर रहे थे’’ जबकि दूसरी ओर वह खतरनाक और अत्यधिक नशे की लत पैदा करने वाले मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े एक आपराधिक गिरोह का संचालन कर रहे थे।
एपी गोला सिम्मी
सिम्मी