यरुशलम, 28 फरवरी (भाषा) इजराइल और अमेरिका द्वारा ईरान पर संयुक्त रूप से हमले किये जाने के बाद तनावपूर्ण स्थिति के मद्देनजर यरुशलम के हिब्रू विश्वविद्यालय ने एक सप्ताह के लिए अध्ययन संबंधी सभी गतिविधियों को रद्द कर दिया है।
हिब्रू विश्वविद्यालय में लगभग 170-180 भारतीय विद्यार्थी हैं, जिनमें से ज्यादातर शोधकर्ता हैं। उनमें से कुछ ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि वे सभी सुरक्षित हैं और सुरक्षित आश्रय स्थलों के पास ही रह रहे हैं।
विश्वविद्यालय ने शनिवार को विद्यार्थियों को सूचित किया, ‘‘सुरक्षा स्थिति के कारण, इस सप्ताह (रविवार-शुक्रवार, 1-6 मार्च) के लिए निर्धारित सभी परीक्षाएं और शैक्षणिक गतिविधियां रद्द कर दी गई हैं।’’
इसने कहा, ‘‘विश्वविद्यालय निरंतर मूल्यांकन कर रहा है और ‘होम फ्रंट कमांड’ के निर्देशों के अनुसार किसी भी घटनाक्रम के बारे में विश्वविद्यालय समुदाय को जानकारी देता रहेगा।’’
विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को सभी निर्देशों का पालन करने की भी सलाह दी है।
इजराइल रक्षा बलों (आईडीएफ) की ‘होम फ्रंट कमांड’ ने नागरिकों को चेतावनी दी कि वे सायरन बजने की स्थिति में बम से बचने के लिए बनाए गए आश्रय स्थल के पास ही रहें।
‘होम फ्रंट कमांड’ के संदेश में कहा गया है कि ‘‘सुरक्षा स्थिति को देखते हुए’’ नागरिक यह सुनिश्चित करें कि उनके नजदीक सुरक्षित आश्रय स्थल कहां है और वे गैर-जरूरी यात्रा से बचें।
भाषा देवेंद्र सुरेश
सुरेश