भारतीय राजदूत ने वरिष्ठ चीनी अधिकारी से मुलाकात की
भारतीय राजदूत ने वरिष्ठ चीनी अधिकारी से मुलाकात की
बीजिंग, 19 मई (भाषा) चीन में नियुक्त भारत के नये राजदूत विक्रम दोराईस्वामी ने चीनी विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी से मुलाकात की, जिस दौरान दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर चर्चा की।
दोराईस्वामी ने सोमवार को विदेश मंत्रालय के एशियाई मामले विभाग के महानिदेशक लियू जिनसोंग से मुलाकात की।
लियू, चीनी विदेश मंत्रालय में भारत के लिए संपर्क अधिकारी हैं।
भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों, क्षेत्रीय घटनाक्रमों, लोगों के बीच आदान-प्रदान को बढ़ावा देने और ब्रिक्स ढांचे के तहत सहयोग पर विचार-विमर्श किया।
इसमें कहा गया है कि दोनों पक्ष स्थिर, पूर्वानुमानित और पारस्परिक रूप से लाभकारी संबंधों की दिशा में दोनों देशों के नेताओं के दृष्टिकोण को साकार करने के प्रयासों को जारी रखने पर सहमत हुए।
इस महीने की शुरुआत में पदभार संभालने के बाद से दोराईस्वामी की चीनी विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के साथ यह दूसरी उच्च स्तरीय बैठक है।
इससे पहले, 15 मई को उन्होंने विदेश मंत्रालय के सीमा एवं समुद्री मामलों के विभाग के महानिदेशक, हाउ यानकी के साथ एक बैठक की थी।
दूतावास ने बताया कि दोनों पक्षों ने भारत-चीन सीमा क्षेत्रों से संबंधित घटनाक्रमों पर सार्थक विचार-विमर्श किया और द्विपक्षीय संबंधों में सकारात्मक प्रगति की समीक्षा की।
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश

Facebook


