बीजिंग, 27 फरवरी (भाषा) शंघाई में भारतीय महावाणिज्यदूत प्रतीक माथुर ने शुक्रवार को नगर के मेयर गोंग झेंग से मुलाकात की, जो चीनी राजनीतिक पदानुक्रम में एक प्रभावशाली अधिकारी हैं।
शंघाई वाणिज्य दूतावास ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘आज सुबह शंघाई में चयापचय रोगों संबंधी एससीओ सहयोग केंद्र के उद्घाटन अवसर पर शंघाई के मेयर गोंग झेंग से मिलकर खुशी हुई।’’
इसने कहा कि मेयर गोंग झेंग ने अगस्त में तियानजिन एससीओ शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चीन यात्रा के बाद ‘‘द्विपक्षीय संबंधों के मजबूत होने पर खुशी व्यक्त की’’।
वाणिज्य दूतावास ने कहा, ‘‘महावाणिज्यदूत ने वरिष्ठ चीनी अधिकारियों को धन्यवाद दिया और द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति एवं सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए शुभकामनाएं दीं, जो एससीओ और ब्रिक्स जैसे बहुपक्षीय ढांचों में भी पारस्परिक रूप से लाभकारी होगा।’’
भाषा नेत्रपाल अविनाश
अविनाश