बीजिंग, तीन मई (भाषा) चीन में भारत के नामित राजदूत विक्रम दुरईस्वामी रविवार को बीजिंग पहुंचे, जहां वरिष्ठ चीनी और भारतीय अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
अधिकारियों ने बताया कि चीनी विदेश मंत्रालय के एशिया विभाग के उप निदेशक ली जियांबो और भारतीय दूतावास की प्रभारी एंजेलीन प्रेमलता ने भारतीय मिशन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शंघाई से आने पर दुरईस्वामी का स्वागत किया।
दुरईस्वामी शनिवार को शंघाई पहुंचे थे। उम्मीद है कि उनकी नियुक्ति से भारत-चीन संबंधों को सामान्य बनाने की मौजूदा प्रक्रिया को गति मिलेगी।
दुरईस्वामी 1992 बैच के भारतीय विदेश सेवा अधिकारी हैं, जो प्रदीप कुमार रावत का स्थान लेंगे।
बीजिंग में अपनी नियुक्ति से पहले, दुरईस्वामी ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त के रूप में कार्यरत थे।
धाराप्रवाह मंदारिन भाषा बोलने वाले दुरईस्वामी अपने करियर के शुरुआती दौर में हांगकांग और बीजिंग के राजनयिक मिशनों में तैनात रहे थे।
भाषा शफीक रंजन
रंजन