(हरिंदर मिश्रा)
यरुशलतम, छह अप्रैल (भाषा) इजराइली रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने सोमवार को घोषणा की कि इजराइल की वायुसेना ने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) के खुफिया प्रमुख माजिद खादेमी को मार दिया है।
काट्ज ने ईरानी नेताओं को ‘एक-एक करके’ खत्म करने की धमकी दी।
काट्ज ने इजराइल रक्षा बलों (आईडीएफ) के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल एयाल जमीर और वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ स्थिति का आकलन करने के बाद अपने संबोधन में कहा, ‘‘(ईरानी) रिवोल्यूशनरी गार्ड्स नागरिकों पर गोलियां चलाते हैं और हम आतंकवादियों के सरगनाओं का खात्मा करते हैं।’’
इजराइली मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा, ‘‘ईरान के नेता उत्पीड़न की भावना से जीते हैं। हम उन्हें एक-एक करके मारते रहेंगे।’’
उन्होंने कहा कि ईरान के आर्थिक आधार और मिसाइल निर्माण क्षमताओं को कमजोर करने के लिए इजराइल उसके महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हमले जारी रखेगा।
काट्ज ने कहा, ‘‘हमने इस्पात उद्योग और पेट्रोकेमिकल उद्योग पर कड़ा प्रहार किया है और आज तथा हर दिन यह सिलसिला जारी रहेगा।’’
जून 2025 के युद्ध के दौरान इजराइल द्वारा आईआरजीसी के पूर्ववर्ती खुफिया प्रमुख मोहम्मद काजमी के मारे जाने के बाद, खादेमी ने कुछ महीने पहले आईआरजीसी के खुफिया प्रमुख का पदभार संभाला था।
इजराइल ने कहा कि कई वरिष्ठ ईरानी अधिकारी मारे जा चुके हैं, जिनमें सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई भी शामिल हैं।
इस बीच, यहां के स्थानीय मीडिया ने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा मंगलवार की समय सीमा तक समझौता नहीं होने पर ईरान के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर बमबारी करने की धमकी के बाद युद्धविराम वार्ता के लिए पुरजोर राजनयिक प्रयास जारी हैं।
ट्रंप ने रविवार को समाचार वेबसाइट एक्सियोस को बताया कि उनके दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर ईरानियों के साथ ‘गहन वार्ता’ कर रहे हैं, लेकिन अगर होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए कोई समझौता नहीं हुआ, तो वह ‘‘सब कुछ उड़ा देंगे।’’
भाषा अमित नरेश
नरेश