यरूशलम, 10 मई (एपी) इजराइली सेना ने कहा कि उसने बुधवार को तड़के वेस्ट बैंक में उसके जवानों पर गोलीबारी करने वाले दो फलस्तीनी बंदूकधारियों को मार गिराया।
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब इजराइल ने मंगलवार को तड़के ‘इस्लामिक जिहाद’ समूह के ठिकानों पर हवाई हमले किए थे। इन हमलों में तीन आतंकियों और 10 अन्य लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, समूह ने हमलों का ‘‘फलस्तीन की ओर से माकूल जवाब’’ दिये जाने का संकल्प जताया है।
फलस्तीनी आतंकवादी समूहों द्वारा हमलों के मद्देनजर एहतियात के तौर पर दक्षिणी इजराइल में स्कूलों को दूसरे दिन भी बंद रखा गया।
इजराइली सेना ने कहा कि फलस्तीनी बंदूकधारियों ने सेना के छापे के दौरान उत्तरी वेस्ट बैंक के फलस्तीनी शहर कबातिया में सैनिकों पर गोलियां चलाईं।
इसने कहा कि जवाबी गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और उनके हथियार जब्त कर लिए गए।
फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने मारे गए लोगों की पहचान 19 वर्षीय अहमद असफ और 24 वर्षीय रानी कतानत के रूप में की है। किसी भी आंतकवादी समूह ने मारे गए लोगों को अपना सदस्य नहीं बताया है।
एपी शफीक मनीषा
मनीषा