नीरव मोदी लंदन की जेल में शतरंज क्लब में शामिल हुआ: ब्रिटेन की अदालत को बताया गया

Ads

नीरव मोदी लंदन की जेल में शतरंज क्लब में शामिल हुआ: ब्रिटेन की अदालत को बताया गया

  •  
  • Publish Date - August 1, 2026 / 08:19 PM IST,
    Updated On - August 1, 2026 / 08:19 PM IST

(अदिति खन्ना)

लंदन, एक अगस्त (भाषा) भारत में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) से दो अरब अमेरिकी डॉलर की धोखाधड़ी और धनशोधन के मामले में मुकदमे का सामना करने के लिए वांछित नीरव मोदी ने दक्षिण-पश्चिम लंदन की जेल में शतरंज क्लब की सदस्यता ली है। ब्रिटेन की एक अदालत को इस सप्ताह यह जानकारी दी गई।

हीरा कारोबारी मोदी (55) को फिर से एचएमपी वैंड्सवर्थ जेल भेज दिया गया है। मार्च 2019 में गिरफ्तारी के बाद उसे सबसे पहले इसी जेल में रखा गया था। इसके बाद उसे एचएमपी थेम्ससाइड और फिर उत्तर लंदन स्थित एचएमपी पेंटनविल जेल भेजा गया। जेल बदलने के कारण प्रत्यर्पण मामले से अलग जारी दीवानी अदालत के मामलों की सुनवाई पर काफी प्रभाव पड़ा।

शुक्रवार को कारोबारी से जुड़े और एक ट्रस्ट के स्वामित्व वाले मध्य लंदन स्थित एक लग्जरी अपार्टमेंट की बिक्री से संबंधित सुनवाई के दौरान यह जानकारी मिली कि वीडियो लिंक के जरिए होने वाली नीरव मोदी की निर्धारित पेशी रद्द कर दी गई है।

लंदन उच्च न्यायालय के चांसरी डिवीजन में मामले की सुनवाई कर रहे मास्टर जेम्स ब्राइटवेल ने कहा, ‘सुनवाई में शामिल नहीं होने का फैसला उसका अपना है।’

जेल अधिकारी ने अदालत को बताया कि नीरव मोदी को सुनवाई की जानकारी थी, लेकिन उसने ‘शतरंज क्लब में शामिल होने’ का फैसला किया। उसके वकीलों ने कहा कि वे इस मामले में सुनवाई स्थगित करने की मांग कर रहे थे, इसलिए उसके मुवक्किल की अदालत में मौजूदगी जरूरी नहीं थी।

भाषा

जोहेब देवेंद्र

देवेंद्र