नयी दिल्ली, 27 फरवरी (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो मार्च को दिल्ली सरकार की महिलाओं से संबंधित चार कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत करेंगी।
अधिकारियों के मुताबिक इन चार योजनाओं में ‘सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड’, मुफ्त एलपीजी सिलेंडर योजना, दिल्ली लखपति बिटिया योजना और ‘मेरी पूंजी मेरा अधिकार’ शामिल हैं।
गुप्ता ने कहा, ‘‘दो मार्च दिल्ली की बेटियों और महिलाओं के लिए एक विशेष दिन है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की गरिमामयी उपस्थिति में महिला सशक्तीकरण की कई महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा।’’
पिछले साल 20 फरवरी को दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनी थी। इस उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए पिछले एक साल में किए गए कार्यों को रेखांकित करने वाले कई कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि लगभग 17 लाख महिलाओं को एलपीजी सिलेंडर के लिए वित्तीय सहायता मिलेगी। इस योजना के तहत, सरकार होली और दिवाली के अवसरों पर प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण के माध्यम से राशि सीधे बैंक खातों में हस्तांतरित करेगी।
इससे पहले, दिल्ली सरकार ने 2008 की लाडली योजना को उन्नत और पुनर्गठित करते हुए ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ शुरू करने की घोषणा की थी।
‘सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड’ योजना के तहत, सरकार दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) और क्लस्टर बसों में महिलाओं और ट्रांसजेंडर के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान करेगी। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना की औपचारिक शुरुआत भी इसी कार्यक्रम में की जाएगी।
एक अन्य पहल ‘मेरी पूंजी मेरा अधिकार’ योजना की होगी, जिसके तहत 100 करोड़ रुपये की राशि सीधे 40,642 लड़कियों के खातों में जमा की जाएगी।
भाषा नोमान
नोमान धीरज
धीरज