(विनय शुक्ला)
मास्को, 14 मार्च (भाषा) रूस ने शनिवार को मॉस्को पर हमला करने आ रहे यूक्रेन के 16 ड्रोन को मार गिराया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि बचाव दल उन स्थानों पर पहुंच गए हैं, जहां ड्रोनों का मलबा गिरा है।
उन्होंने बताया कि मॉस्को की ओर बढ़ रहे 16 ड्रोनों को मार गिराया गया। मेयर ने हालांकि जमीन पर हुए नुकसान या हताहतों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। मॉस्कवा 24 टीवी चैनल के अनुसार, राजधानी में चार स्थानीय हवाई अड्डों में से तीन वनुकोवो, डोमोडेडोवो और ज़ुकोवस्की ने कई घंटों तक अपना परिचालन बंद रखा, जिससे हवाई यातायात बाधित हुआ।
ड्रोन हमलों से बचाव के उपायों के तहत मॉस्को शहर और राजधानी क्षेत्र में चुनिंदा मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद की जा रही हैं तथा लोगों को ऑफलाइन उपलब्ध एप्लिकेशन इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
‘आरआईए नोवोस्ती एजेंसी’ के मुताबिक, परिवहन एवं सूचना प्रौद्योगिकी के प्रभारी क्षेत्रीय अधिकारी मैक्सिम कोर्किन ने मॉस्को क्षेत्र के निवासियों को मोबाइल संचार और इंटरनेट एक्सेस में संभावित ‘अस्थायी दिक्कतों’ के बारे में आगाह किया।
अधिकारी ने बताया कि देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संघीय स्तर पर ये उपाय किए जा रहे हैं और उन्होंने निवासियों को यथासंभव वाई-फाई का उपयोग करने की सलाह दी।
भाषा जितेंद्र माधव
माधव